नगर के एनटीपीसी रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर मरम्मत कार्य के दौरान लापरवाही की हद पार कर दी गई। वंदेभारत का रनथ्रू सिग्नल मिलने पर लोडर से सामान उतारकर उसे ट्रैक के किनारे खड़ा कर क्रासिंग गेट बंद कर दिया गया। ट्रेन के लोको पायलट ने जब लोडर को रेल ट्रैक पर देखा तो उन्हें ब्रेक लगानी पड़ी। लोको पायलट ने ट्रेन से उतरकर स्थिति का जायजा लिया और करीब पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। खास बात यह रही कि मेमो दिए जाने के बाद भी ट्रेन क्यों रोकी गई, इस पर अधिकारी जवाब देने से कतराते रहे। नगर की रेलवे क्रासिंग संख्या 43 सी पर मरम्मत का काम चल रहा है। मंगलवार की शाम लोडर रेलवे का सामान लेकर आया और क्रासिंग पर ही वाहन खड़ा कर सामान उतारने लगा। इसी दौरान वंदे भारत ट्रेन का सिग्नल रनथ्रू हो गया। गेटमैन ने लोडर को क्रासिंग से बाहर निकाले बिना क्रासिंग गेट बंद कर दिया। इस कारण लोडर पटरी के किनारे ही खड़ा रहा। शाम लगभग 5:14 बजे वंदे भारत ट्रेन ऊंचाहार स्टेशन पार कर क्रासिंग पर पहुंची तो उसके लोको पायलट को लोडर क्रासिंग के अंदर खड़ा दिखाई दिया तो इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और निरीक्षण किया। लगभग पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। ट्रेन लक्ष्मणपुर स्टेशन पहुंची तो लोको पायलट ने ट्रेन रोक कर मेमो दिया। इसकी सूचना न मिलते ही रेलवे में हड़कंप मच गया। मौके पर स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी व आरपीएफ पहुंची और मामले की जांच की। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन रूकी थी, लेकिन उसके रुकने की वजह पता नहीं है।