रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। इस दौरान कुछ दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया, जिससे दुकानदारों ने नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। बुधवार सुबह मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर नगर पालिका की टीम ने सड़क के चौड़ीकरण के लिए कुछ दुकानों पर जेसीबी चलवा कर अतिक्रमण को हटाया। वहीं पास में ही अन्य दुकानों पर जेसीबी न चलाए जाने से दुकानदारों में नगर पालिका के प्रति रोष व्याप्त है। रोजी-रोटी छिनने से नाराज दुकानदार कल्लू, फरीद, मोइन व अन्य दुकानदारों ने नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए विरोध किया है। कहा है कि कुछ दुकान ही यहां पर गिराई जा रही हैं जबकि पास में ही और कई दुकानें हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनके पास यही रोजी-रोटी थी जिसको नगर पालिका द्वारा छीन लिया गया। पीड़ित दुकानदारों ने कहा है कि जिलाधिकारी से मिलकर इस पूरे मामले की शिकायत की जाएगी।