रायबरेली के ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र की माइनर में क्षमता से अधिक पानी छोड़े जाने से पटरी कट गई। इससे 100 बीघा खेत जलमग्न हो गए। किसान कुछ खेतों में गेहूं की बोआई कर चुके हैं, जबकि कुछ लोगों को अभी बोआई करनी है। खेत में पानी भर जाने से अब गेहूं का जमाव नहीं होगा। किसानों का कहना है कि माइनर की सफाई में खानापूर्ति की गई। यही वजह है कि पटरी कट गई। अरखा रजबहा से मुगलपुर माइनर निकली है। बृहस्पतिवार की शाम अरखा रेलवे स्टेशन के पास पटरी कट गई। ग्रामीणों की माने तो नहर की सफाई ठीक से नहीं हुई और क्षमता से अधिक पानी छोड़ा गया है। इसके चलते पटरी कटने से पानी खेतों में भर गया है। अरखा गांव के किसान गुलाब सिंह, अवधेश सिंह, रमेश सिंह, सुरेश सिंह, रामचंद्र सिंह, सादे की बाजार गांव के रामदेव प्रधान, रामनरेश सहित 25 किसानों के 100 बीघा खेतों में पानी भर गया। किसानों ने बताया कि इसमें कुछ किसान गेहूं की बोआई कर चुके थे, जबकि कुछ किसान बोआई की तैयारी कर रहे थे। पानी भरने से किसानों को झटका लगा है। किसानों ने बताया कि इस समय किसानों को पानी की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद पानी छोड़ दिया गया। किसानों ने नहर कटने की सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। पूर्व विधायक अजयपाल सिंह ने मौके पर जेसीबी भेजी और नहर की पटरी में मिट्टी भराई कराकर कटान बंद कराया। इससे सिंचाई विभाग के खिलाफ किसानों में नाराजगी है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता शैलेंद्र ने बताया कि माइनर का गेट खराब है। इसके चलते पानी अधिक हो गया था। सूचना पर गेट बंद कराया गया था। नहर कटने की जानकारी नहीं है।