रायबरेली जिले के नोडल अधिकारी व परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव एल. वेंकटेश्वर लू शनिवार को सुबह आठ बजे ही जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए। परिसर का निरीक्षण करने के बाद वार्डों में पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। बाजार से दवाएं व जांच लिखने की शिकायत मिलने पर प्रमुख सचिव ने कमेटी गठित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि कमेटी जांच कर डॉक्टरों को चिन्हित करेगी, जिससे उन पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सीएचसी पीएचसी से मरीजों को रेफर करने की परंपरा को खत्म किया जाए। गंभीर मरीजों को ही जिला अस्पताल रेफर किया जाए। उन्होंने डीएम को निर्देश दिए कि सीएमओ और एडीएम की टीम बनाकर अस्पताल बाहरी लोगों के काम करने की जांच की जाए। दोषी मिलने पर मुकदमा दर्ज कराएं। शनिवार सुबह प्रमुख सचिव को 10 बजे जिला अस्पताल पहुंचना था लेकिन वह आठ बजे ही पहुंच गए। वार्डों में मरीजों को बात करके उनकी सेहत के बारे में जाना। कहा कि अस्पताल में जांच और दवाओं के पर्याप्त बंदोबस्त हैं। मरीजों को बाजार से दवाएं लेने की जरूरत नहीं है। गठित कमेटी यह भी जांच करेगी कि अस्पताल से मरीजों को निजी अस्पतालों के लिए रेफर तो नहीं किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डीएम हर्षिता माथुर, सीडीओ अर्पित उपाध्याय, सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप अग्रवाल, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अल्ताफ हुसैन आदि मौजूद रहे। प्रमुख सचिव ने किया गौशाला का निरीक्षण बछरावां (रायबरेली) । प्रमुख सचिव व यूपीएसआरटीसी के अध्यक्ष एल वेंकटेश लू ने शनिवार सुबह बन्नांवा गोशाला का निरीक्षण किया है। उन्होंने एसडीएम सचिन यादव से गोशाला के क्षेत्रफल की जानकारी ली। जिसके सापेक्ष एसडीएम ने बताया कि गोशाला 1.7 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनी है। इसके बाद उन्होंने जल निगम के एक्सईएन से पेयजल के बाबत सवाल किए। उन्होंने बताया कि पशुओं को पेयजल के लिए सोलरपंप की व्यवस्था की गई है। गोबर के सदुपयोग के लिए उन्होंने खाद व अन्य प्रयोग को लेकर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर से चर्चा की है। ग्राम विकास अधिकारी आलोक शुक्ल से उन्होंने गोशाला के संचालन की जानकारी ली। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डाॅ. यसवीर सिंह, थाना प्रभारी पंकज त्यागी, बीडीओ शिव बहादुर सिंह, संजीव वर्मा मौजूद रहे।