चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का गुस्सा बुधवार को भड़क गया। जिला अस्पताल में सीएमएस चैंबर के बाहर पहुंचकर जमकर प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए। बाद में वार्ता के दौरान सीएमएस से पदाधिकारियों की तीखी नोकझोंक हुई। सीएमएस पर रिटायर्ड चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को भुगतान न देने के साथ ही कई गंभीर आरोप लगाए। जल्द ही भुगतान न दिए जाने पर कामकाज ठप करने की चेतावनी दी। जिला अस्पताल में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लालचंद्र बीती चार जनवरी को रिटायर्ड हो गए। कर्मचारी को अब क देयकों का भुगतान नहीं मिला। जिलाध्यक्ष शिवशंकर लाल व जिला मंत्री शाहरुख खान ने आरोप लगाया कि विदाई के समय समस्त भुगतान के आदेश शासन से हैं। इसके बाद भी देयकों के भुगतान में देरी की गई है। आरोप लगाया कि देयकों के भुगतान के नाम पर सुविधाशुल्क की मांग की जा रही है। चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने सीएमएस चैंबर के गेट पर जमकर प्रदर्शन करते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए। बाद में वार्ता के दौरान सीएमएस व पदाधिकारियों में तीखी बहस हुई। सीएमएस ने महाकुंभ मेला के बाद अभिलेख पूरे होने के बाद भुगतान कराने का भरोसा दिया। इस दौरान काफी देर तक जिला अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा। प्रदर्शन में संरक्षक छम्मन खान, अवधेश त्रिपाठी, प्रभात चंद्र, राहुल कुशवाहा, धीरेंद्र सिंह, मंदीप सोनकर, लक्ष्मीचंद्र, राजकुमार आदि शामिल रहे। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि किसी के दबाव में काम नहीं किया जाएगा। प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही देयकों का भुगतान कराया जाएगा।