रायबरेली में लालगंज कस्बा के चिकमंडी रोड स्थित यूनियन बैंक शाखा में चल रहा आधार संशोधन केंद्र अब बंद हो गया है। इससे आधार में संशोधन कराने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में डाकघर पर लोड अधिक बढ़ गया है। अन्य जगहों पर आधार कार्ड बनवाने और संसोधन की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। लालगंज कस्बा के डाकघर में ही आधार बनाने व सुधार कराने का काम होता है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंच रहे हैं। पहले कस्बे में दो आधार केंद्र चलते थे। इससे लोगों को विकल्प मिल जाता था और भीड़ कम हो जाती थी, लेकिन बैंक परिसर का केंद्र बंद होने से अब पूरा बोझ डाकघर पर आ गया है। यहां लोगों को टोकन मिलने में काफी देर हो रही है। कई लोगों को एक महीने बाद की तारीख दी जा रही है। बृहस्पतिवार को डाकघर आधार केंद्र में भारी भीड़ उमड़ी। चिलौला गांव की आराधना अपने बच्चों का आधार संशोधन कराने आई थीं। उन्हें 22 जुलाई की तारीख का टोकन मिला है। वहीं इसी गांव के ही सोनू ने बताया कि उन्हें 25 जुलाई को बुलाया गया है। उन्हें भी बच्चों के आधार में नाम और जन्मतिथि में सुधार कराना था। चांदा टीकर के मनसुख ने बताया कि उन्हें आधार में संशोधन के लिए बृहस्पतिवार को बुलाया गया था। अब वह पंक्ति में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यूनियन बैंक का बंद केंद्र दोबारा शुरू किया जाए। इससे लोगों को राहत मिलेगी और डाकघर पर दबाव भी कम होगा। पोस्टमास्टर एसके वाजपेयी का कहना है कि प्रति दिन 80 से 100 आधार कार्ड बनाए जाते हैं। भीड़ से काम करने में परेशानी हो रही है।