भीषण गर्मी में ओवरलोड के कारण कहीं ट्रांसफार्मर बंद करने पड़ रहे हैं, तो कहीं जंपर कटने से केबिल टूटकर गिर रही है। ट्रिपिंग का सिलसिला भी लगातार जारी है। वहीं ओवरलोड से हांफ रहे ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए कूलर लगाए गए हैं। विद्युत उपकेंद्रों पर लगे दस एमवीए ट्रांसफार्मरों की क्षमता 262 एंपियर का लोड उठाने की है, लेकिन करीब 300 एंपियर से अधिक का लोड ट्रांसफार्मरों (पावर परिवर्तक) पर पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मरों के साथ ही केबिल पर भी लोड बढ़ा है। नई लगाई एबीसी केबिल 40 डिग्री सेल्यिस ही तापमान सहन कर सकती हैं। कुछ दिनों से तापमान 45 डिग्री से अधिक होने के कारण केबिल में लगे जंपर गर्म होकर कट जा रहे हैं। मई माह में 200 से अधिक जंपर कट चुके हैं। जिससे केबिल टूटकर गिर पड़ी है। लगातार ओवरलोड और भीषण गर्मी की वजह से दो से तीन घंटे ट्रांसफार्मरों को बंद किया जा रहा है।