पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे सेल्हा और पुरैना गांवों की महिलाओं की मेहनत रंग ला रही है। शहद की गुणवत्ता, पैकिंग और विपणन (मार्केटिंग) की जिम्मेदारी संभाल रहीं महिलाओं की मेहनत अब जिले की सीमाओं से बाहर निकलकर दिल्ली और झांसी तक अपनी पहचान बना चुकी है। ‘तराई हनी’ नाम से बिक रहा यह शहद महिला सशक्तीकरण का सशक्त उदाहरण बन गया है। माधोटांडा क्षेत्र में पीलीभीत टाइगर रिजर्व पीटीआर की बराही रेंज से सटे सेल्हा और पुरैना गांवों में वर्ष 2023 में शहद उत्पादन की पहल शुरू की गई थी। इस प्रोजेक्ट के तहत गांव के करीब 30 पुरुषों को शहद उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया, जबकि तैयार शहद की गुणवत्ता जांच, पैकिंग और बिक्री का जिम्मा महिलाओं के समूह ने संभाल लिया।