पीलीभीत के न्यूरिया थाना क्षेत्र में टनकपुर हाईवे पर बृहस्पतिवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी समेत तीन की मौत हो गई। दंपती का आठ महीने का बेटा घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को तीनों के शव सड़क पर पड़े मिले। मासूम बच्चा बिलख रहा था। जानकारी के मुताबिक गांव औरिया निवासी अजयपाल, अपनी पत्नी सरोज कुमारी, बहन सुमन को लेकर बाइक से मेला देखकर लौट रहे थे। सरोज की गोद में आठ महीने का बेटा था। औरिया व जनकपुरी के बीच टनकपुर हाईवे पर सामने से आ रहे भूसी भरे ट्रक से उसकी बाइक टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दंपती और युवती की मौत हो गई। आठ माह का बेटा महिला की गोद से छिटक कर दूर जाकर गिरा, जिससे वह घायल हो गया।