पीलीभीत में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी रितु पुनिया ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाओं का अंबार पाया। इस दौरान प्राचार्य और सीएमएस ने अव्यवस्थाओं के संबंध में एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराते नजर आए, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। सोमवार को जिलाधिकारी ने सुबह ही मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मियाद पूरी कर चुके अग्निशमन सिलिंडर व यंत्रों में खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। उनको रिफिल कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में महिला वार्ड में शौचालय में ताला लटकता पाने पर अपर जिलाधिकारी ने तत्काल खुलवाने के लिए निर्देशित किया। मरीजों ने अपर जिलाधिकारी से शौचालय में पानी उपलब्ध ना रहने की शिकायत की, जबकि एक दिन पहले ही मेडिकल कॉलेज में नया मोटर लगाया गया है। इस अपर जिलाधिकारी ने जिम्मेदारों का स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी का स्पष्टीकरण लिया जाएगा।