पीलीभीत के बरखेड़ा क्षेत्र में गांव नवादा महेश निवासी गंगाप्रकाश (25) पुत्र राजेंद्र प्रसाद का शव मंगलवार को कमरे के अंदर पंखे से लटकता मिला। सूचना पर मायके से ससुराल पहुंची पत्नी ने ससुर और देवर पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया। उसने थाने में तहरीर दी है। वहीं मृतक के पिता ने कहा कि बेटा शराब पीकर नशे में आए दिन झगड़ा करता था, उसने खुद ही जान दी है। मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि 27 जनवरी को उसने बेटे को जन्म दिया था। नामकरण संस्कार के खर्च को लेकर परिवार में झगड़ा हुआ। ससुर और देवर ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस वजह से करीब 12 दिन पहले नवजात और दो वर्षीय बेटी को लेकर वह मायके चली गई थी। बताया कि सोमवार की रात करीब आठ बजे ससुर ने उसे फोन कर बताया कि पति गंगाप्रकाश झगड़ा कर रहा है। फोन स्पीकर पर होने के चलते सुनाई दिया कि देवर ओमकार ने पति को डंडे से पीटते हुए कहा कि आज इसका काम खत्म कर दूंगा।