पीलीभीत में तीन दिसंबर को जिला अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात की मौत के मामले में शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। परिजनों ने नवजात की मौत सिर में चोट लगने से मौत होने और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने पर अफसरों ने पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए। शुक्रवार को नायब तहसीलदार और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी की मौजूदगी में मैत्री बाग कॉलोनी निवासी पीड़ित पक्ष की मौजूदगी में नवजात के शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।