पीलीभीत के थाना पूरनपुर क्षेत्र के समरथ फिलिंग स्टेशन पर सीएनजी के प्रेशर को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि आईसीआईसीआई की पलियाकलां शाखा के ब्रांच मैनेजर शिवनाथ ने पिस्टलनुमा वस्तु दिखाकर सेल्समैन को धमका दिया। मामले में पुलिस ने बैंक मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पिस्टलनुमा वस्तु भी बरामद कर लिया, जो पिस्टल के आकार का लाइटर निकला।
फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन ग्राम खमरिया निवासी नंदपाल की तहरीर पर थाना पूरनपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर में नंदपाल ने बताया कि वह पीलीभीत रोड स्थित समरथ फिलिंग स्टेशन पर सीएनजी सेल्समैन के रूप में कार्य करते हैं। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे एक कार से ब्रांच मैनेजर फिलिंग स्टेशन आया। सीएनजी का प्रेशर पूछने पर उसने लगभग 200 प्रेशर बताया, जबकि मशीन पर प्रेशर 190 था। इसी बात को लेकर कार चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार ब्रांच मैनेजर ने आवेश में आकर अभद्रता की और गाड़ी से पिस्टलनुमा वस्तु निकालकर धमकी दी।
मौके पर आसपास के लोग एकत्र होने पर बैंक मैनेजर वहां से चला गया। सूचना मिलने पर पूरनपुर पुलिस ने प्रकरण की जांच कर सीसीटीवी फुटेज देखी। फुटेज में ब्रांच मैनेजर शिवनाथ को कार से पिस्टलनुमा वस्तु निकालते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में बरामद पिस्टलनुमा वस्तु पिस्टल न होकर लाइटर पाया गया।