मुजफ्फरनगर के शाहपुर में खाकी वर्दी पर फिर भ्रष्टाचार के आरोप उछले। हरसौली में नाथ संप्रदाय के शिव मंदिर के महंत से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने, एसी लगवाने समेत अन्य आरोपों में चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। सिपाही रितिक कुमार और उमेश कुमार निलंबित किए गए हैं। एसओ पर भी आरोप है, जिसकी जांच एसपी देहात आदित्य बंसल को दी गई है। मंदिर के महंत सुखपाल का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनसे थाने और चौकी में निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगे थे। उन्होंने 31 हजार रुपये दे दिए। इसके बावजूद एसी, बैट्री और शराब के नाम पर रुपये लिए गए। आरोपों की जांच करने के लिए सीओ बुढ़ाना जीपी सिंह मंदिर पर गए। शुरूआती जांच के बाद हरसौली चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर और दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। जांच के दौरान ग्रामीणों ने एसओ शाहपुर पर भी आरोप लगाए हैं, जिसकी जांच शुरू हो गई है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पहले सीओ बुढ़ाना जांच कर रहे थे, अब उन्हें जांच दी गई है। शिकायत हुई तो खुल गया मामला हरसौली चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर आरोप लग रहे थे। ग्रामीणों ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान से शिकायत की। उन्होंने तुरंत अधिकारियों से बात कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद जांच शुरू हुई और पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी।