मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की वसुंधरा रेजीडेंसी के एक मकान में सिलिंडर फट जाने के कारण सहारनपुर की देवबंद तहसील के कानूनगो अमित गौड और उनकी मां और भाई की भी मौत हो गई। धमाके के वक्त पत्नी और बच्चे मकान के बाहर कुत्ता घुमाने गए थे, जिस कारण वो बच गए। शामली के रहने वाले अमित गौड दो महीने पहले ही रेजीडेंसी में कुटबा निवासी अरविंद के मकान में किराए पर आकर रहने लगे थे। सोमवार शाम को कानूनगो अमित गौड़, उनकी मां सुशीला और भाई नितिन मकान में बैठे हुए थे। इसी दौरान जोर का धमाका हुआ। दूर तक शोर सुना गया। पत्नी और बच्चे दौड़कर पहुंचे। पड़ोस के लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी। आग बुझाने के बाद जब दमकलकर्मी घर में पहुंचे तो यहां पर तीन शव बरामद हुए।