मुजफ्फरनगर। बिना हेलमेट दुपहिया वाहन में पेट्रोल नही भरा जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री के आदेश पर परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान शुरू किया है। अभियान के दूसरे दिन पेट्रोल भरवाने के लिए कई युवक प्लास्टिक की कैप लगाकर पहुंचे। कई स्थानों पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पेट्रोल भरे बिना वाहन चालकों को वापस लौटा दिया। हादसों की रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान शुरू करने के आदेश दिए है। एक सितंबर से तीस सितंबर तक पूरे माह यह अभियान चलाया जाएगा। परिवहन विभाग व यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान शुरू किया है। इस दौरान दोनों टीम दुपहिया वाहन चालकों को अभियान के प्रति जागरूक करेगी। दोनों विभागों के अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को मुख्यमंत्री के अभियान के बारे में जानकारी दी है। कई पेट्रोल पंप पर पहुंचे दुपहिया वाहन चालकों को कर्मचारियों ने वापस लौटा दिया तो कहीं पर चेतावनी देते हुए वाहन में पेट्रोल भर दिया गया। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर पहुंच कर वाहन चालकों को समझाया और हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया। पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों को भी बिना हेलमेट के पेट्रोल वाहनों में न भरने के लिए कहा।