मुजफ्फरनगर के ककरौली क्षेत्र में भाजपा नेता पर मारपीट के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। आरोप है कि भाजपा नेता अशोक वर्मा और उनके बेटों ने व्यापारी नरेश कुमार गुप्ता के घर में घुसकर मारपीट की। घटना के विरोध में नरेश कुमार गुप्ता और उनके परिजनों ने गांव में धरना-प्रदर्शन किया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए गांव से पलायन करने की कोशिश भी की। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले हुई इस मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। प्रदर्शन के समर्थन में सैकड़ों ग्रामीण और करीब दो दर्जन व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और आरोपी के खिलाफ रोष व्यक्त किया। मामले को शांत कराने के लिए ककरौली पुलिस ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा, जिसके बाद पीड़ित पक्ष शांत हुआ और मकान से पलायन के लगाए गए बोर्ड हटा दिए गए।