मुजफ्फरनगर साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम निकालकर गिरोह तक पहुंचाने का काम करते थे। एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरम निवासी तालिब और खालापार थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंबा विहार निवासी अरमान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी साइबर अपराधियों द्वारा भेजी गई रकम को अपने खातों से निकालकर आगे भेजने का काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने साइबर अपराधियों को कुल नौ बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। इन खातों में करीब 80 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है। पुलिस के मुताबिक इस साइबर गिरोह के तीन अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।