मुजफ्फरनगर में सावन शिवरात्रि पर्व पर मंगलवार को शिवचौक स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। सुबह तीन बजे आरती के बाद चार बजे से जलाभिषेक शुरू हुआ। हाथों में गंगाजल, बेलपत्र और पूजा सामग्री लिए श्रद्धालु भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए कतार में आगे बढ़ते नजर आए। मंदिर परिसर के आसपास भक्तिमय माहौल बना रहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शहर पहुंचे कांवड़ियों के जलाभिषेक के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को जल चढ़ाने में परेशानी न हो। मंदिर के पुजारी पंडित विकास भारद्वाज ने बताया कि दोपहर में विशेष आरती और रात में महाआरती का आयोजन किया जाएगा।