मुजफ्फरनगर में अमर उजाला फाउंडेशन के दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मंडी कोतवाली का भ्रमण किया। उन्होंने थाने में होने वाली पुलिस की कार्रवाई के बारे में जानकारी की। नई मंडी कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने छात्र-छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जीडी कार्यालय, लिपिक कार्यालय सीसीटीएनएस एवं गोपनीय कार्यालय में की जाने वाली कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। अपराध करने के बाद पकड़कर थाने लाए गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया को भी जाना। महिला दरोगा बबली सिंह ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी।