सावन कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में शिव चौक पर नोटों से सजी एक कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। कांवड़ को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और राहगीर शिव चौक पर जुट गए तथा लोगों ने मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो भी बनाई। दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी शिवभक्त विकास अपने दो साथियों के साथ हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कांवड़ को पांच सौ के नोटों से सजाया है। उन्होंने पहली बार इस तरह की कांवड़ तैयार की है। उन्होंने बताया कि माता-पिता के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ उन्होंने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है।