मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए कांवड़ियों के उत्साह और आस्था की सराहना की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि पवित्र श्रावण माह में जलाभिषेक के लिए सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि भक्ति, अनुशासन और समर्पण के साथ यात्रा कर रहे शिवभक्त जाति-पंथ, प्रांत और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों की सकुशल यात्रा की कामना भी की।