रामनवमी के पावन अवसर पर मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में मिशन शक्ति के तहत कन्या पूजन और महिला/बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, उनकी धर्मपत्नी नीलम राय, नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप और पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने 151 कन्याओं और 20 बालकों का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए। इस दौरान महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कन्याओं और उनके अभिभावकों को लघु फिल्म के माध्यम से “गुड टच-बैड टच” सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए समाज से जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता लेने का आह्वान किया। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।