तिगरी मेला जाने के लिए रविवार सुबह से ही मुरादाबाद बस अड्डे पर श्रद्धालुओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस अड्डे पर कई घंटे बस का इंतजार करने के बाद यात्रियों को बसें मिलीं। कुछ यात्री बस नहीं मिलने पर लौट गए। बसों की कमी के कारण रोडवेज के अधिकारियों के दावे फेल होते नजर आए। तिगरी मेला जाने के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज अधिकारियों ने बसें उपलब्ध कराने के दावे किए थे। लेकिन आवश्यकता के अनुरूप बसें उपलब्ध नहीं हो पाईं और मुरादाबाद बस अड्डे पर दिन भर भीड़ लगी रही।