मुरादाबाद पुलिस ने जिगर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता शौकीन अली (53) हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जांच में पता चला है कि परिचितों ने ही वकील को घर से बुलाकर उनकी हत्या की थी। अधिवक्ता 11 अगस्त (रविवार) शाम छह बजे से गायब थे। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि शौकीन अली का आजादनगर निवासी प्रेमसिंह से दोस्ती थी। प्रेमसिंह ने उन्हें कई लोगों ने मिलकर काम दिलवाया था। लगातार मिलने दौरान मुख्य आरोपी प्रेम सिंह को वकील के पास काफी पैसे होने की बात पता चली। इसके बाद उसने अपने साथी रोहित और कैलाश के साथ मिलकर हत्याकांड की साजिश रची। प्रेम सिंह ने फोन कर वकील को मिलक के पास सहारा इंडिया की खाली पड़ी भूमि के पास बुलाया। इसके बाद सिर पर ईंटों से हमला कर हत्या कर दी। आरोपियों ने वकील के पास से मिले रुपये और अन्य सामान को आपस में बांट लिया।