कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की विशेष कृपा कुंदरकी क्षेत्र पर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने पांच-पांच वर्षों में सीमित संख्या में एक्सप्रेसवे बनाए, जबकि योगी सरकार ने नौ वर्षों में प्रदेश में रिकॉर्ड स्तर पर एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि पहले आगरा-लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे तक ही विकास सीमित था, लेकिन योगी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ क्षेत्र से जुड़े मार्गों समेत कई नई परियोजनाओं पर तेजी से काम कराया। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे, बलिया लिंक और फर्रुखाबाद को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। विधायक ने कहा कि अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की दिशा में भी कार्य संचालित है। उनका कहना था कि योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है।