राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के समृद्धि की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को लालगंज स्थित एक गार्डन में कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में 13 ग्राम पंचायतों की 318 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब तीन हजार महिलाएं शामिल हुईं। इनमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाएं आज समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने समूह सखी, बैंक सखी, ई-सखी और विद्युत सखी के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मंच से सम्मानित भी किया। बसही गांव के प्रधान रहीस अहमद, लालगंज प्रधान विजय गुप्ता व अन्य ने अपनी बात कही। संचालन विनय कुमार ने किया। इस मौके पर स्नेहा श्रीवास्तव, शिवपूजन, विनोद तिवारी, श्याम सिंह, विक्की सिंह, संगीता, रीता, सुषमा सहित बड़ी संख्या में समूह से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।