मेरठ। वन्दे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूरे होने पर शहर में विशेष जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रेस वार्ता में बताया कि वन्दे मातरम केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में स्कूलों, कॉलेजों, सांस्कृतिक संस्थानों और सामाजिक मंचों पर विचार गोष्ठियों, राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों और ऐतिहासिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। डॉ. वाजपेयी ने वन्दे मातरम का विरोध करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग देश की विरासत और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को समझना नहीं चाहते। वन्दे मातरम को लेकर किसी भी तरह का विरोध राष्ट्रभावना के विपरीत है।