मेरठ। हस्तिनापुर में अकबरपुर इच्छाबाद के समीप मध्य गंग नहर किनारे स्थित भद्रकाली सिद्धपीठ मंदिर पर माघ महीने में लगने वाले मेले में आनी वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्थाओं के देखने के लिए एसपी देहात अभिजीत, एसडीएम संतोष कुमार, सीओ पंकज लवानिया मंदिर पहुंचे। माघ महीने में भद्रकाली मंदिर पर देश के कोई राज्यों से लाखों श्रद्धालु प्रत्येक सोमवार को आते हैं जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसपी देहात ने भद्रकाली मंदिर पहुंचकर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी देहात ने मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।