मेरठ। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों निवासी सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र तोमर की 'नशा मुक्त भारत अभियान' बुग्गी यात्रा बुधवार को मेरठ पहुंची। युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा का शहर के कमिश्नरी चौराहा पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जोरदार स्वागत किया। रविंद्र तोमर देशभर में बुग्गी लेकर पैदल यात्रा कर युवाओं को नशा छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वे अब तक हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में यात्रा कर चुके हैं, जहां उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला है।