मवाना में कोचिंग संघ के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। छात्र सुभाष चौक से तहसील परिसर तक पहुंचे और संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग की। मार्च का नेतृत्व राहुल कुमार और मुकेश ने किया। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने कहा कि वर्तमान में आयोजित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट सहित अन्य परीक्षाएं भी विवादों और गड़बड़ियों का सामना कर रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने एसएससी परीक्षा के कुछ केंद्रों पर सामूहिक नकल और विभिन्न परीक्षाओं के स्तर में असमानता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मांग की कि सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा का स्कोर कार्ड सार्वजनिक किया जाए। छात्रों का कहना था कि इससे चयन प्रक्रिया पर विश्वास बढ़ेगा और परीक्षाओं की विश्वसनीयता मजबूत होगी।