मेरठ। सरधना तहसील क्षेत्र के गांव नंगला आर्डर में राशन एजेंसी को लेकर हुए चुनाव में गंभीर धांधली के आरोप सामने आए हैं। गांव से महिलाएं और पुरूष ट्रेक्टर ट्राली में तहसील पहुंचे और हंगामा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सरधना को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए फर्जी तरीके से की गई नियुक्ति को रद्द कराने तथा पुनः मतदान कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में गांव की राशन डीलरशिप सौरण के नाम थी, जिसे प्रशासन द्वारा निरस्त कर दिया गया था। नई डीलरशिप के लिए 3 अगस्त को मतदान निर्धारित किया गया था। ग्रामीण जब मतदान के लिए स्कूल प्रांगण पहुंचे तो मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि चुनाव रद्द कर दिया गया है और अगली तिथि पर मतदान की जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद सभी लोग अपने घर लौट गए, लेकिन अधिकारियों ने कथित रूप से स्कूल में ताला लगाकर कुछ लोगों की मिलीभगत से गुपचुप तरीके से फर्जी मतदान करा लिया और डीलरशिप रीना पत्नी रविन्द्र के नाम कर दी गई। प्रकरण की जानकारी जब ग्रामीणों को मिली तो उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताते हुए विरोध जताया और उपजिलाधिकारी से तत्काल प्रभाव से डीलरशिप आवंटन की प्रक्रिया रद्द करने की मांग की।