मेरठ आवास विकास परिषद की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में सेक्टर-3 की महिलाओं का धरना गुरुवार को भी जारी रहा। महिलाओं ने सामूहिक रूप से धरना देते हुए परिषद के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को दोहराया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उनका आंदोलन पिछले डेढ़ माह से लगातार चल रहा है। धरनारत महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं और मांगों पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। उन्होंने परिषद अधिकारियों से सेटबैक के नाम पर की जा रही कार्रवाई को रोकने तथा लोगों के मकानों को सुरक्षित रखने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। धरना स्थल पर महिलाओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की और परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। धरने में पूनम गुप्ता, बीना भार्गव, मिथलेश, अलका, प्रीति, सीमा, सविता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।