मेरठ से सटे सरधना में नगर के मोहल्ला मंडी चमारान में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय महिला यासमीन पत्नी महबूब उस्मानी की करंट लगने से मौत हो गई। यासमीन घर में झाड़ू लगा रही थी, तभी खुले में रखे इन्वर्टर से अचानक करंट की चपेट में आ गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। यासमीन को तुरंत पास के हिमालय हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बावजूद परिजनों ने सांस चलने की आशंका पर उसे ईश्वर नर्सिंग होम ले जाया, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत बताया। यासमीन अपने पीछे 9 साल की बेटी इलमा को छोड़ गई है। हादसे के बाद परिवार और मोहल्ले में गहरा मातम छा गया। आसपास के लोग बड़ी संख्या में घर के बाहर इकट्ठा हो गए। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यह घटना घरेलू स्तर पर दबा दी गई, क्योंकि पुलिस ने अब तक ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया है।