मेरठ। हापुड़-मेरठ लोकसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए सांसद खेल महोत्सव आगामी 3 नवंबर से मवाना रोड जेपी एकेडमी में आयोजित किया जाएगा। 11 नवंबर तक चलने वाले महोत्सव में 18 वर्ष की आयु से कम के खिलाड़ी, दिव्यांग खिलाड़ी सहित वरिष्ठ नागरिक प्रतिभाग कर सकेंगे। 20 सितंबर पंजीकरण की अंतिम तिथि रखी गई है। महोत्सव की जानकारी के लिए बुधवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद अरुण गोविल, खेल महोत्सव के मुख्य आयोजक जेपी ग्रुप के सीईओ विशाल अग्रवाल ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 नंबवर से 11 नवंबर तक खेल महोत्सव 2025 का तीन श्रेणियों में होगा, जो जेपी एकेडमी के मैदान में किया जाएगा। 3 से 7 नवंबर तक पहली श्रेणी में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई से जुड़े स्कूलों के कक्षा 12 तक के छात्र प्रतिभाग कर सकेंगे। 8 से 9 नवंबर रे बीच सभी बोर्ड से जुड़े विद्यालयों के दिव्यांग छात्रों के लिए खेल होंगे। वहीं, 10 और 11 नवंबर को वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेल आयोजित होंगे। प्रेसवार्ता में बताया कि मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र में आने वाले स्कूल के छात्र ही इस महोत्सव में प्रतिभाग कर सकेंगे। वहीं, वह वरिष्ठ नागरिक जिनकी 30 नवंबर 2025 तक आयु 60 वर्ष या उसे अधिक हो चुकी होगी। विशाल अग्रवाल ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए यातायात से लेकर खाने की व्यवस्था की जाएगी।