सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ में दलित महिला की हत्या और युवती के अपहरण की घटना के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनज़र पुलिस ने गांव के सभी आने-जाने वाले रास्तों को सील कर दिया है। गांव के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। संभावित विरोध-प्रदर्शन और तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मौके पर पीएसी और स्थानीय पुलिस की टीमें तैनात हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इधर, पीड़ित परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और अपहृत नाबालिग बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग पर अड़े हुए हैं। परिजनों ने मांग पूरी होने तक महिला का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी परिजनों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती आगे भी जारी रहेगी।