स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को परम पूज्य जैन मुनि प्रतीक सागर महाराज के सान्निध्य में विशाल तिरंगा ध्वज के साथ विराट तिरंगा यात्रा धूमधाम से निकाली गई। यात्रा में कस्बे के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नागरिक, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और गणमान्य लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारों से पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कस्बे के नेहरू पार्क से हुआ। यहां से यात्रा जीआईसी चौराहा, मुख्य बाजार सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए जंबूद्वीप के समीप पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। विराट तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 1100 तिरंगे रहे। बड़ी संख्या में एक साथ लहराते तिरंगों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कई स्कूलों के बच्चों ने भी यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे।