हस्तिनापुर क्षेत्र में वन महोत्सव सप्ताह के तहत प्रस्तावित वृहद पौधारोपण अभियान को लेकर वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को गंगा किनारे स्थित खेड़ी कलां गांव में चिन्हित सरकारी भूमि की जुताई और सीमांकन का कार्य राजस्व विभाग की मौजूदगी में पूरा कराया गया। वन विभाग के अनुसार बधवा, बधवी और खेड़ी कलां गांवों में अब तक लगभग 150 हेक्टेयर सरकारी भूमि चिन्हित की जा चुकी है। इनमें से करीब 80 हेक्टेयर भूमि विभाग के कब्जे में लेकर पौधारोपण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वैधानिक चेतावनी संबंधी बोर्ड भी लगाए गए हैं। वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में वन महोत्सव के दौरान बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विभागीय नर्सरियों में औषधीय, फलदार और छायादार प्रजातियों के पौधे तैयार किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता का संवर्धन और पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाना है।