मेरठ में दिल्ली रोड स्थित आधार कार्ड कार्यालय के बाहर हर सुबह एक परेशान कर देने वाला नजारा देखने को मिलता है। सुबह 6:00 बजे से ही लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं खासकर वे लोग जो अपने छोटे बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के लिए दूर-दराज के इलाकों से आते हैं। जिनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं होता, वे बच्चे को गोद में लेकर ही इस कतार का हिस्सा बन जाते हैं। कार्यालय खुलने का वक्त सुबह 10:00 बजे है, लेकिन इंतज़ार सुबह से शुरू हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भीड़ शाम तक जारी रहती है, और कई बार लोगों को नंबर तक नहीं मिल पाता। भीड़ और अव्यवस्था के कारण कई बार बुजुर्गों और महिलाओं को घंटों धूप में खड़े रहना पड़ता है।