मेरठ महोत्सव को लेकर यातायात पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार रात को रूट डायवर्जन प्लान भी जारी कर दिया है। 21 से 25 दिसंबर तक विक्टोरिया पार्क रोड पर रूट डायवर्जन रहेगा। एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र ने सभी प्वाइंटों पर पुलिस तैनात कर दी है। विक्टोरिया पार्क कार्यक्रम स्थल में आने वाले सभी कलाकारों का प्रवेश सर्किट हाउस से गढ़वाली तिराहे से विक्टोरिया पार्क गेट नंबर एक से होगा। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि 21 से 25 दिसंबर तक मेरठ महोत्सव का कार्यक्रम चलेगा। 21 दिसंबर को स्टार्टअप संवाद, 22 दिसंबर नारी तू नारायणी, 23 दिसंबर को निपुणता की ओर, 24 दिसंबर श्री अन्ना, श्रेष्ठा अन्ना और 25 दिसंबर को करियर कॉन्क्लेव का कार्यक्रम रखा गया है। इसके अलावा देश की जानी मानी हस्तियां भी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी।