मेरठ के खरखौदा क्षेत्र स्थित अतराडा बिजली घर पर बिजली आपूर्ति को लेकर किसानों ने जोरदार हंगामा किया और गेट पर ताला जड़ दिया। किसानों का आरोप था कि उन्हें तय 10 घंटे की बजाय केवल 8 घंटे ही बिजली आपूर्ति दी जा रही है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों ने करीब तीन घंटे तक बिजली घर पर प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ने किसानों से वार्ता की और उनकी मांगों को मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर ताला खोल दिया और स्थिति सामान्य हो गई।