सावन माह के दूसरे सोमवार को प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। नगर पंचायत चेयरपर्सन सुधा खटीक भी श्रद्धालुओं के साथ मंदिर पहुंचीं और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ियों के हस्तिनापुर पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया। कांवड़ियों ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। चेयरपर्सन सुधा खटीक ने बताया कि पांडेश्वर महादेव मंदिर को महाभारत कालीन माना जाता है और यह हस्तिनापुर की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सावन में दूर-दराज से श्रद्धालु यहां दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।