मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में पल्लवपुरम पुलिस ने एक ऐसे शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो पहले गाड़ियों को किराए पर लेते थे, फिर डुप्लीकेट चाबी बनवाकर बुकिंग के बहाने वही गाड़ी चोरी कर लेते थे। पुलिस ने रविवार देर रात एटूजेड कॉलोनी से चोरी हुई देहरादून निवासी विनोद विज की कार को दुल्हैड़ा मैथना मार्ग से बरामद किया। साथ ही तीन आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों चोरों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने देहरादून में ट्रेवल्स के नाम पर एक यूनिट खोल रखी थी। उसी के जरिए वह लोगों की गाड़ियाँ किराए पर लेते थे, फिर बुकिंग के नाम पर दूसरी चाबी से गाड़ी को गायब कर देते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पल्लवपुरम थाना प्रभारी रमेश चंद्र शर्मा के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े और भी लोगों की तलाश की जा रही है। वाहन मालिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।