मेरठ कचहरी में तारीख पर आई युवती से पूर्व प्रेमी की पत्नी और सालों ने मारपीट कर दी। पीड़िता घायल हालत में सिविल लाइन थाने पहुंची और तहरीर दी। पीड़िता ने बताया कि उसका खतौली के ही रहने वाले अदील नाम के युवक से 11 साल पहले प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो उस वक्त सऊदी में रह रहा था और वापिस आकर शादी करने का वायदा किया था। आरोप लगाया कि अदील ने सऊदी से वापस आकर लोहियानगर थाना क्षेत्र के जाहिदपुर की रहने वाली साबिया नाम की महिला से शादी कर ली। जिसके चलते पीड़िता ने लोहियानगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि साबिया की तरफ से भी क्रॉस एफआईआर हुई, जिसकी तारीख पर दोनों पक्ष कचहरी आए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान साबिया ने अपने भाई तहसीन और एक अन्य के साथ मिलकर पीड़िता के साथ मारपीट कर दी। बचाने आए पीड़िता के भाई के साथ भी मारपीट की।