मेरठ। शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में आवासीय भवन 259 सेक्टर 6 में जैना ज्वेलर्स के मामले में शासन ने आवास एवं विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता समेत चार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार अधिशासी अभियंता आफताब अहमद तथा अवर अभियंता सौरव कुमार व संदीप कुमार को आवास आयुक्त डॉ बलकार सिंह ने लखनऊ से संबद्ध कर दिया है। आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना की ओर से मामले में शिकायत की गई थी और हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। याचिका पर खंडपीठ में सुनवाई करते हुए आवास आयुक्त से एक महीने में जवाब मांगा था। इतना ही नहीं कड़ी टिप्पणी भी की थी की क्यों ना आपके खिलाफ अवमानना का मामला चलाया जाए। स्थानीय अधिकारियों ने बीते सोमवार को जैना ज्वेलर्स को सील करने के लिए आदेश जारी किए थे, जिसके लिए फोर्स भी मांगा गया था। सोमवार को भी आवास विकास की टीम सर्वे के नाम पर खाना पूर्ति कर वापस चली गई थी। इस पर लोकेश खुराना ने आईजीआरएस में शिकायत दाखिल की थी। बुधवार को आवास आयुक्त डॉ बलकार सिंह ने अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार, अधिशासी अभियंता आफताब अहमद तथा अवर अभियंता संदीप कुमार व सौरव कुमार को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए लखनऊ संबद्ध करने के आदेश जारी कर दिए।