मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के कुंडा स्थित वंदना पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड में फोरमैन सोविंदर 42 निवासी खतौली गांव बुआडा खुर्द की मशीन के नीचे दबाकर हुई मौत के मामले में बृहस्पतिवार को परिजनों ने फैक्ट्री के सामने जमकर हंगामा किया। आर्थिक सहायता और फैक्ट्री मालिक पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री गेट के सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया। मुजफ्फरनगर के खतौली के गांव बुआड़ा खुर्द निवासी सोविंदर 42 पुत्र बलजीत सिंह कुंडा स्थित वंदना पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में फोरमैन था। बुधवार दोपहर को लोडर मशीन की वेल्डिंग करते समय मशीन सोविंदर के ऊपर गिर गई थी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था आनन फानन मे फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों ने एंबुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल सोविंद्र को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया था सोविंदर की मौत की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार सुबह खतौली से परिजन में अन्य ग्रामीण दर्जनों की संख्या में ट्रैक्टर ट्राली लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने फैक्ट्री मलिक पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया और परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मृतक के भाई संतपाल ने बताया कि सोविंदर पिछले 13 वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहा था वह रोजाना ट्रेन से खतौली आता और जाता था मृतक के एक बेटी वंशिका और बेटा वंश है मृतक की पत्नी संगीता ने कहा कि फैक्ट्री मालिक की लापरवाही के कारण उसके पति की जान गई है फैक्ट्री मालिक निष्काम गोयल और आशीष गोयल पर कार्रवाई होनी चाहिए पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है।