मेरठ के सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार जारी है। अपने मकान और व्यापार को बचाने की मांग को लेकर महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे भीषण गर्मी के बीच सड़कों पर धरने पर बैठे हुए हैं। धरने पर बैठी महिलाओं के हाथों में पोस्टर हैं और वे सरकार से अपनी मांगों को सुनने की अपील कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद वे मजबूरी में सड़कों पर बैठे हैं, लेकिन अब तक सरकार या प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया है। धरने में शामिल बच्चों ने भी अपने भविष्य को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि अगर उनके घर और कारोबार प्रभावित होते हैं तो उनकी पढ़ाई भी रुक जाएगी। बच्चों ने सवाल उठाया कि क्या सरकार उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी लेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।