मेरठ। कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को लाठी फटकारकर भगाने के बाद बंदी वाहन में बैठे कथित वकील को एसएसपी अविनाश पांडे द्वारा थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि पहले के अधिकारियों और नए अधिकारियों में बहुत अंतर है। नए अधिकारियों को नहीं पता की आंदोलनकारियों से कैसे बात करनी चाहिए। उन्होंने एसएसपी के बर्ताव पर कहा कि ये किसी अधिकारी का बर्ताव नहीं, बल्कि उठाई गिरे आदमी का है। राकेश टिकैत ने कहा कि जब पुलिस ने वकील को हिरासत में ले लिया, तो बंदी वाहन में चढ़कर उसको पीटना उचित नहीं है, जिसके लिए वो वकील के घर जाकर उनके परिवार से मिलेंगे। इसके साथ ही राकेश टिकैत ने कहा कि जो भी आंदोलन करेगा, वो उसके साथ हैं और लोगों को अब सड़क पर उतरना होगा।