मेरठ। दौराला थाना क्षेत्र के दादरी गांव निवासी एक युवक ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के अनुसार पत्नी ने धर्म छिपाकर शादी की है। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। दादरी निवासी नितिन शर्मा ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी शादी नवंबर 2024 में पल्लवपुरम निवासी एक युवती से हुई थी। रिश्ता एक बिचौलिए ने कराया था। बिचौलिए ने पत्नी पक्ष को ब्राह्मण बताया था। पीड़ित के अनुसार शादी के बाद से ही महिला अपने मायके में रहती थी। शादी के लगभग तीन महीने बाद पीड़ित परिवार को पता चला कि उसकी पत्नी का नाम असली नहीं है। महिला ने धर्म छिपाकर शादी की है। मामले की जानकारी के बाद उसके व उसके परिवार के होश उड़ गए। पीड़ित पति ने पत्नी व उसके परिजनों का विरोध किया था। इस पर महिला पक्ष ने युवक को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है की तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।