मेरठ। सरधना विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन ने सत्यापन प्रक्रिया को तेज कर दिया है। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से करीब 25 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन मतदाताओं के रिकॉर्ड में जन्म तिथि, पते या अन्य विवरणों को लेकर संदेह पाया गया है। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने सुपरवाइजरों और बीएलओ को निर्देश दिए कि नोटिस वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आपत्ति की सुनवाई निष्पक्षता और गंभीरता के साथ की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न हो।